चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने पटियाला में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की नौ पिस्तौल, 10 कारतूस और 16 मैगजीन बरामद की गई हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये हथियार कथित तौर पर मध्यप्रदेश से खरीदे गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े सभी संपर्कों का पता लगाने तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।



