
Rahul Gandhi : राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत संबंधी अपील पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि जनता को दी जा रही ऐसी सलाह सरकार की नाकामी को दर्शाती है, न कि कोई समाधान।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री की अपील पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता से “सोना मत खरीदो, विदेश यात्रा कम करो, पेट्रोल और खाद्य तेल का कम उपयोग करो” जैसी बातें कहना सरकार की विफलता को दिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए हर बार बोझ जनता पर डाल देती है।
मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे – सोना मत ख़रीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो।
ये उपदेश नहीं – ये नाकामी के सबूत हैं।
12 साल में देश को इस मुक़ाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है – क्या ख़रीदे, क्या न…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 11, 2026
कांग्रेस नेता ने कहा कि 12 वर्षों के शासन के बाद देश ऐसी स्थिति में पहुंच गया है, जहां लोगों को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना चाहिए और क्या नहीं। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश चलाना अब “कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री” के बस की बात नहीं रह गई है।
वहीं मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आर्थिक दबाव झेल रही जनता को बचत का पाठ पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद कांग्रेस ने संभावित असर को लेकर पहले ही आगाह किया था, लेकिन उस समय सरकार गंभीर नहीं दिखी।
खरगे ने कहा कि सरकार को अपनी नीतिगत असफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और उसका ठीकरा आम जनता पर नहीं फोड़ना चाहिए।

