रक्षा मंत्रालय ने आईएनएस बेतवा की मरम्मत के लिए 498 करोड़ रुपये का करार किया

रक्षा मंत्रालय ने आईएनएस बेतवा की मरम्मत और आधुनिकीकरण के लिए कोचीन शिपयार्ड के साथ 498.58 करोड़ रुपये का करार किया। जहाज में नई डीजल इंजन आधारित प्रणोदन प्रणाली लगेगी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के निर्देशित मिसाइल युक्त युद्ध जहाज ‘आईएनएस बेतवा’ की मरम्मत और नयी प्रणोदन प्रणाली लगाने के काम के लिए सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ बुधवार को 498 करोड़ रुपये का करार किया।

मंत्रालय के मुताबिक, करार के तहत ब्रह्मपुत्र-श्रेणी के जंगी जहाज ‘आईएनएस बेतवा’ में वाष्प-आधारित प्रणोदन प्रणाली को हटाकर डीजल इंजन-आधारित प्रणोदन प्रणाली लगाई जाएगी। उसने बताया कि जहाज में आधुनिक हथियार भी लगाए जाएंगे, जिससे उसकी युद्धक एवं अभियान संबंधी क्षमताओं में इजाफा होगा। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के जहाज ‘बेतवा’ की सामान्य मरम्मत और प्रणोदन प्रणाली में बदलाव के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498.58 करोड़ रुपये का करार किया है।”

इसमें कहा गया है कि यह परियोजना जहाज की मरम्मत और रखरखाव के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं को और मजबूत करेगी, खासकर नौसैनिक मंचों की जटिल प्रणोदन प्रणाली में बदलाव और उनके आधुनिकीकरण के मामले में। बयान के अनुसार, “इस परियोजना में 50 से अधिक एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के शामिल होने की उम्मीद है और इससे भारतीय जहाज निर्माण तथा सहायक उद्योगों में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।”

मंत्रालय ने कहा, “यह परियोजना सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक-इन-इंडिया’ के दृष्टिकोण को बढ़ावा देगी। साथ ही देश की स्वदेशी नौसैनिक जहाज मरम्मत और रखरखाव क्षमताओं को भी मजबूत करेगी।”

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।