
Ramgarh Crime News: जिले में एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पाण्डेय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया और जिलेभर में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान अरगड्डा स्थित जीएम ऑफिस के पास संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादल कुमार और सोनू नंदी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान बादल कुमार के पास से एक देशी पिस्टल और 9 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि सोनू नंदी के पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा दोनों के पास से मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पाण्डेय गिरोह के लिए काम करते हैं और गिरोह के निर्देश पर संवेदकों, व्यवसायियों और डीओ होल्डरों से हथियार के बल पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।

