Ramgarh News: रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने दो किशोरियों के अपहरण की गुत्थी को सुलझाते हुए हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राहत की बात यह है कि पुलिस ने दोनों किशोरियों को भी पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर अहमद नगर से दो किशोरियों के लापता होने के बाद उनके परिजनों ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के निर्देशन में एसआई मो. एकबाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर उनकी तलाश शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान और रामगढ़ चाइल्ड लाइन के आकाश शर्मा व अन्य सहयोगियों की मदद से पुलिस की टीम दिल्ली पहुँची। इसके बाद दिल्ली और हरियाणा चाइल्ड लाइन के संयुक्त सहयोग से हरियाणा के जिंद जिले के नरवाना रेलवे स्टेशन से इस अपहरण कांड के मुख्य आरोपियों—सगे भाई-बहन नंदिनी कुमारी उर्फ नंदन और हरिनंदन पासवान को दबोच लिया गया। मूल रूप से दोनों आरोपी बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों किशोरियों को भी सुरक्षित मुक्त करा लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी नंदिनी कुमारी ने खुलासा किया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती उन किशोरियों से हुई थी, जिसके बाद उसने अपने भाई के साथ मिलकर उनकी शादी कराने की बात कही और उन्हें बहला-फुसलाकर हरियाणा ले गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रामगढ़ लाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


