रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को बेहतर और सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में जल्द ही 22 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत स्वास्थ्य परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्वास्थ्य केंद्रों के जल्द संचालन, नए भवनों के निर्माण और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। नगर निगम क्षेत्र में कुल 47 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 25 केंद्र वर्तमान में सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। वहीं, शेष 22 केंद्रों में से 16 का कार्य प्रगति पर है और 6 केंद्रों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
योजना के तहत 24 नए भवनों का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि 23 केंद्रों का संचालन मौजूदा सरकारी या सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण के माध्यम से किया जाएगा। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां भी सामुदायिक भवन उपलब्ध हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर ब्रांडिंग और बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी कर तुरंत केंद्र शुरू किए जाएं। जिन वार्डों में भूमि या भवन की अनुपलब्धता है, उनकी सूची बनाकर प्रस्तुत करने को कहा गया है ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्त ने उन सभी स्थलों की पुनः मैपिंग (Re-mapping) कराने का निर्देश दिया है, जहां ठेकेदारों का चयन हो चुका है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि अस्पताल सही और जरूरतमंद इलाकों में ही बनें।
नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-17 में निगम की 19.3 डिसमिल जमीन पर चल रहे अवैध बूचड़खाने को हटाकर वहां अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और वार्ड कार्यालय बनाने का आदेश दिया। इससे एक ओर जहां अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

