
JPSC Exam Controversy : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की वर्ष 2025 की प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चयनित अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान हजारीबाग निवासी सुमन सौरभ के रूप में हुई है।
सीआईडी कांड संख्या 16/2026 के तहत की गई इस कार्रवाई में हजारीबाग पुलिस ने भी सहयोग किया। जांच एजेंसी के अनुसार, सुमन सौरभ पर कथित तौर पर अनुचित तरीके से JPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने का आरोप है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित अभ्यर्थी की OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं हो सकी। सीआईडी का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले से जुड़े सवालों पर कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीआईडी का कहना है कि JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में जांच एजेंसी अन्य पहलुओं और संभावित कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।

