
रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। इटकी रोड स्थित आर्किड अपार्टमेंट में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उमेश अग्रवाल के फ्लैट को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना को लेकर मकान मालिक उमेश अग्रवाल ने बताया कि अपराधी महज 20 मिनट के भीतर फ्लैट से लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब उमेश अग्रवाल सामान खरीदने के लिए बाजार गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आर्किड अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही लूटी गई संपत्ति बरामद करने और राजधानी के लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।

