रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (SERSA), रांची द्वारा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम हटिया में एक विशेष सम्मान और उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग को मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष SERSA, करुणा निधि सिंह द्वारा शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अखिल भारतीय रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी दीप्ति कुमारी और रिमिल बिरुली को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी अकादमी और RDSA ‘पावर फिट जिम’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अकादमी से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को हॉकी का पेशेवर प्रशिक्षण मिल सकेगा। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह पूरे रांची मंडल के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है और मंडल आगे भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं प्रदान करता रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत हटिया रेलवे कॉलोनी में आयोजित एक भव्य रोड शो से हुई, जिसमें एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी खुली विंटेज कार में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए DRM कार्यालय तक पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय निवासियों और बच्चों ने खिलाड़ियों का ज़ोरदार स्वागत किया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा SERSA रांची और एकलव्य कोचिंग सेंटर के बीच एक फ्रेंडली हॉकी मैच भी खेला गया, जो 2-2 की बराबरी पर छूटा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा, ध्यानचंद पुरस्कार विजेता सुमराई टेटे, पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान असुंता लकड़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व खेल प्रेमी उपस्थित थे।


