रांची: आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को रांची बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह से ही समिति से जुड़े बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने अरगोड़ा चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क पर आंदोलनकारियों के जमघट के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जनगणना फार्म में ओबीसी के लिए अलग से व्यवस्था न होने के कारण समाज की सटीक आबादी का पता नहीं चल पाता है। इसके चलते इस बड़े वर्ग को उनके वास्तविक सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों से वंचित होना पड़ता है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम जोड़ने का प्रावधान नहीं करती है, तो यह आंदोलन केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसे राष्ट्रव्यापी रूप दिया जाएगा। इधर, बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद नजर आया। अरगोड़ा चौक पर यातायात बहाल कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। इलाके में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


