
रांची: बिशप स्कूल ओल्ड एचबी रोड में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाध्यापक मिस्टर आई. ए. जैकब ने की। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बिशप बीबी बासके अध्यक्ष उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एस. डेविड और जोलजश कुजूर ने शिरकत की। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नर्सरी से लेकर दसवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने कई रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिशप बी. बी. बासके ने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण और अच्छी शिक्षा का होना अत्यंत आवश्यक है। बिशप स्कूल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा निखरती है। मौके पर बिशप वेस्टकोट बॉयज स्कूल नामकुम के प्रधानाध्यापक मिस्टर जे. जे. एडविन, बिशप वेस्टकोट गर्ल्स स्कूल डोरंडा की प्रधानाध्यापिका मिसेज जे. एडविन, शमूल भुइयां सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण व कर्मचारी उपस्थित थे।

