
Bike Fire : राजधानी रांची के बूटी मोड़ इलाके में बुधवार को एक बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना हीरो सर्विस सेंटर और जगदंबा बैंक्वेट हॉल के सामने की बताई जा रही है, जहां देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक से पहले अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बूटी मोड़ इलाके में हुई इस घटना के बाद लोग कुछ देर तक दहशत में रहे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

