
रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की आशंका को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। शक के आधार पर स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया।
मौके पर जुट गई भारी भीड़
बताया जा रहा है कि यह घटना नायक टोली इलाके की है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि महिला वहां किसी बच्चे को चोरी करने की नीयत से पहुंची थी। इसी शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को शांत कराया
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मौजूद लोगों ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने समझदारी से काम लेते हुए भीड़ को शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की पहचान की जा रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि महिला पर लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिना जांच-पड़ताल किसी पर भी आरोप न लगाएं और कानून पर भरोसा रखें।
