

रांची: बकाया वेतन की मांग को लेकर सीसीएल के सफाई कर्मचारियों ने आज रांची स्थित दरभंगा कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वेतन भुगतान और हाजिरी से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है। साथ ही उनकी नियमित हाजिरी भी दर्ज नहीं की जा रही है, जिससे उनका आर्थिक संकट बढ़ गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार मेहनत कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है।





सफाई कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे अपने बकाया वेतन की मांग करते हैं तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि हाजिरी बनाने के बदले उनसे दो-दो सौ रुपये की मांग की जाती है, जो पूरी तरह अनुचित है। कर्मचारी इस मुद्दे को लेकर सख्त हैं और मांग कर रहे हैं कि कंपनी तुरंत बकाया वेतन का भुगतान करे और हाजिरी संबंधी परेशानियों को दूर करे।
