युवक को थाने के अंदर रील बनाना पड़ा भारी! वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सिखाया सबक, कान पकड़कर मांगनी पड़ी माफी

रांची के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक पर पुलिस ने कार्रवाई की। माफीनामा लेकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा लाइक्स-व्यूज पाने की चाहत कई बार लोगों को ऐसी गलती करा देती है, जिसका बाद में पछतावा होता है। रांची में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक युवक ने पुलिस थाने के अंदर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और युवक को अपनी गलती का एहसास कराना पड़ा।

यह मामला रांची के चुटिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, साहिल महतो नाम के एक युवक ने थाना परिसर के अंदर एक शॉर्ट वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कुछ ही समय में वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। थाने जैसे संवेदनशील स्थान पर बिना अनुमति वीडियो बनाए जाने को लेकर लोगों ने भी सवाल उठाए। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद चुटिया थाना प्रभारी ने साहिल महतो को थाने बुलाया। पुलिस ने उसे समझाया कि थाना परिसर में बिना अनुमति वीडियो बनाना नियमों के खिलाफ है। कार्रवाई के दौरान उससे लिखित माफीनामा लिया गया और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन लिया गया। इसके बाद पीआर बॉन्ड भरवाकर उसे छोड़ दिया गया। थाने से बाहर निकलने के बाद साहिल महतो ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाहत में उससे यह बड़ी भूल हो गई। उसने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा।

यह घटना उन लोगों के लिए भी एक संदेश है, जो सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए सार्वजनिक या संवेदनशील स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर वीडियो बनाने की कोशिश करते हैं। वायरल होने की चाह में कानून और नियमों का पालन करना नहीं भूलना चाहिए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।