झारखंड में चल रहीं सर्द हवाएं, रांची में पांच डिग्री तक लुढ़का पारा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में करीब एक सप्ताह के बाद मौसम साफ हुआ और धूप खिली लेकिन सुनहरी धूप के बीच ठंडी हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी।

शाम के बाद भी पारा दो डिग्री तक नीचे गिरा। अभी अगले तीन दिनों तक कोल्ड वेव का असर देखने को मिलेगा।

इस कोल्ड वेव से बचने की हिदायत मौसम वैज्ञानिकों ने दी है। आसमान साफ होते ही रांची के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

माैसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी कोल्ड डे है। राज्य में शीतलहर चल रही है। ऐसी ही स्थिति अगले तीन से चार दिन रहने के आसार हैं।

31 जनवरी के बाद ठंड से थाेड़ी राहत मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि झारखंड में अगले तीन से चार दिनाें सुबह में कोहरे के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी।

पिछले 24 घंटे में में रांची का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.4 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है।

इस दौरान जमशेदपुर का अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 13 डिग्री, डालटनगंज का अधिकतम 22.8 डिग्री व न्यूनतम 7.5 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है।

एक फरवरी से मिल सकती है ठंड में राहत

अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 31 जनवरी तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी। अगले 1-2 दिनों में राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर सकता है।

एक फरवरी के बाद मौसम लगभग सामान्य हो जाएगा। फिलहाल राज्य के किसी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

इन इलाकों में दिखेगा कोल्ड वेव का असर

रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा पाकुड़ व साहेबगंज में कोल्ड वेव का असर सामान्य से कम देखने को मिलेगा जबकि दक्षिणी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कोल्ड वेव का असर देखने को मिलेगा।

Share This Article