
रांची : पुराना विधानसभा सभागार में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर के प्रथम दिन गुरुवार को प्रदेश कोऑर्डिनेशन कमेटी और प्रदेश महासचिव जिला प्रभारियों की बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त तथा सक्रिय बनाने पर विस्तार से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अस्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के० राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने चर्चा की। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के० राजू ने कहा कि संगठन की ओर से सौंपी गई नई जिम्मेदारियों के प्रति पूर्ण निष्ठा, जवाबदेही और सक्रियता के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर जनसंपर्क अभियान चलाने पर बल दिया। साथ ही सभी प्रभारियों और पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन कर पार्टी को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया।

