बदलेगी धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस हेडक्वार्टर तक सड़क की तस्वीर, इतने करोड़ की लागत से होगा कायाकल्प

रांची में धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक 2.697 किलोमीटर सड़क का 26.61 करोड़ रुपये से पुनर्विकास होगा। परियोजना में चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण, साइकिल ट्रैक और पौधरोपण शामिल हैं।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की राजधानी के वीआईपी और प्रमुख मार्गों में शुमार धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस हेडक्वार्टर तक की सड़क अब एक नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। पथ निर्माण विभाग (पथ प्रमंडल, रांची) की ओर से इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण के लिए ₹26.61 करोड़ का ई-टेंडर जारी कर दिया गया है।

यह पूरी परियोजना बिरसा चौक-धुर्वा गोलचक्कर-प्रोजेक्ट बिल्डिंग-चांदनी चौक पथ का हिस्सा है। इसके तहत धुर्वा गोलचक्कर (चेनेज 2.730 किमी) से लेकर पुलिस हेडक्वार्टर (चेनेज 5.427 किमी) तक के कुल 2.697 किलोमीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प किया जाएगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मार्ग

स प्रोजेक्ट को केवल सामान्य सड़क चौड़ीकरण तक सीमित न रखकर एक मॉडल और आधुनिक शहरी मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुनर्विकास के दौरान सड़क की जियोमेट्रिक डिजाइनिंग और एस्थेटिक इंप्रूवमेंट (सौंदर्यीकरण) पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पर्यावरण प्रेमियों और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्ट्रेच पर एक समर्पित साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, मार्ग के दोनों किनारों पर हॉर्टिकल्चर और व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा। खास बात यह है कि इन लगाए गए पौधों की एक साल तक देखभाल करने की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक (ठेकेदार) की होगी।

इतने महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट

विभागीय अधिसूचना के मुताबिक, इस सड़क पुनर्विकास योजना को पूरा करने की समय सीमा 13 महीने तय की गई है। इस कार्य के लिए इच्छुक संवेदकों द्वारा 26.62 लाख रुपये की अग्रधन (ईएमडी) राशि तय की गई है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से न केवल वीआईपी आवागमन सुगम होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी ट्रैफिक और जाम की समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।