आगामी त्योहारों पर रांची में सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रांची में दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रांची के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीओ और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूजा समितियों द्वारा छठ घाटों की स्थिति और शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाए जाने पर उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तालाबों और छठ घाटों की समय रहते साफ-सफाई, उचित प्रकाश व्यवस्था और बांस-बल्ली से मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर एनडीआरएफ की टीमों के साथ-साथ स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की भी विशेष योजना बनाई गई है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आम जनता और श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि छठ पूजा का आयोजन सभी आवश्यक सुविधाओं और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। इसके अलावा, दीपावली और काली पूजा के दौरान भी भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट में आवश्यक बदलाव (रूट डायवर्जन) भी किए जाएंगे ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।