
रांची: राजधानी रांची में गर्मी के मौसम के दौरान खाद्य संक्रमण और मिलावटी खाद्य पदार्थों के बढ़ते खतरे को देखते हुए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। विभाग शहर के विभिन्न इलाकों में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से स्ट्रीट फूड और रोडसाइड दुकानों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। वहीं जांच के दौरान फूड स्टॉल के आसपास गंदगी पाई गई है। इसे लेकर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने संचालकों को सख्त चेतावनी दी है। वहीं रोड साइड दुकानों से सैंपल भी कलेक्ट किया गया है। इतना ही नहीं लालपुर और बिरसानगर में दो दुकानों पर 25000 का फाइन भी लगाया गया है।
दुकानों को किया गया चिह्नित
बाजारों, स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों, प्रमुख फूड हब, शाम के स्नैक सेंटर और सड़क किनारे लगने वाली खाने-पीने की दुकानों को चिन्हित किया गया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले तेल, पानी, मसाले, दूध से बने उत्पादों और तैयार खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए तथा मौके पर ही उनकी गुणवत्ता की जांच की गई। हालांकि ऑन स्पॉट चेकिंग में ज्यादा कुछ नहीं पता चल पाया, ऐसे में सैंपल कलेक्ट कर टेस्टिंग के लिए लैब भेज दिया गया है।
खाद्य पदार्थों को ढंक कर रखने का निर्देश
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पवन कुमार ने बताया कि विभाग नियमित रूप से खाद्य पदार्थों की जांच करता है, लेकिन गर्मी के मौसम में भोजन जल्दी खराब होने और बैक्टीरिया संक्रमण की संभावना बढ़ने के कारण इस बार अभियान को और अधिक व्यापक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी का उपयोग, खाद्य पदार्थों का गलत स्टोरेज और खुले में रखे भोजन संक्रमण के प्रमुख कारण हैं। जांच के दौरान खाने की चीजों को ढंक कर रखने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से बचने की अपील
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर साफ-सफाई में कमी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ और स्वच्छ पानी के उपयोग को लेकर खामियां भी सामने आई हैं। विभाग ने सभी स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ढके हुए डस्टबिन का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी गर्मी में खुले और अस्वच्छ स्थानों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की गई है।

