रांची में गैस संकट! बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर, घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर लोग

रांची में गैस संकट गहराया, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर, 60 हजार का बैकलॉग, लोग घंटों लाइन में खड़े, होम डिलिवरी ठप, बढ़ी परेशानी

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची में घरेलू गैस को लेकर कंपनियों के दावे और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा फर्क देखने को मिल रहा है। जहां कंपनियां कह रही हैं कि बुकिंग से ज्यादा सिलिंडर की डिलिवरी हो रही है, वहीं शहर के कई इलाकों में लोग अब भी घंटों लाइन में लगकर गैस का इंतजार कर रहे हैं। समय पर होम डिलिवरी न मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है और नाराजगी भी साफ दिख रही है। बुधवार को रांची के इरगु टोला स्थित कैलाश मंदिर के पास उरांव गैस एजेंसी पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। हालात ये रहे कि लोग कई घंटों तक इंतजार करते रहे, लेकिन गैस वाहन समय पर नहीं पहुंचा। दोपहर में आखिरकार ऑटो के जरिए सिलिंडर लाकर डिलिवरी की गई। इस दौरान कुछ लोगों को सिलिंडर मिल गया, लेकिन कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे लोगों में गुस्सा और बढ़ गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बावजूद समय पर गैस नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें खुद एजेंसी तक जाना पड़ रहा है।

रांची में 60 हजार से ज्यादा सिलिंडर का बैकलॉग

मिली जानकारी के मुताबिक, रांची में इस समय घरेलू गैस सिलिंडर का 60 हजार से अधिक बैकलॉग चल रहा है। यही वजह है कि सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। गैस एजेंसियों पर बढ़ते दबाव के कारण डिलिवरी में लगातार देरी हो रही है। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं शादी-विवाह के सीजन ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। इस दौरान घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के सिलिंडर की मांग तेजी से बढ़ी है। खासकर कॉमर्शियल सिलिंडर की डिमांड में जबरदस्त उछाल आया है। करीब 120 से ज्यादा लोगों ने इसके लिए आवेदन किया है।

फिलहाल, प्रत्येक व्यक्ति को 19 किलो वाले अधिकतम तीन कॉमर्शियल सिलिंडर दिए जा रहे हैं। जिला आपूर्ति कार्यालय से आवेदन मंजूर होने के बाद ही गैस कंपनियां एजेंसियों को कॉमर्शियल सिलिंडर देने की अनुमति दे रही हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं से सिक्योरिटी डिपॉजिट के साथ रिफिल का पैसा भी लिया जा रहा है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।