झारखंड में मौसम का कहर! रांची समेत 14 जिलों में तेज आंधी-बारिश, ठनका गिरने से 4 की दर्दनाक मौत

झारखंड में मौसम का कहर, बारिश और ओलावृष्टि से राहत के बीच वज्रपात से कई मौतें, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, तापमान में गिरावट के संकेत

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश के पास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब मध्यप्रदेश से लेकर झारखंड तक साफ दिख रहा है। इसी के चलते रांची समेत पूरे राज्य में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन कई जगहों पर ओलावृष्टि ने हालात भी बिगाड़े हैं। मौसम वैज्ञानिक इसे प्री-मानसून की बारिश बता रहे हैं, जो पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री नमी के कारण हो रही है। इस बीच गिरिडीह जिले के तिसरी में ठनका गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यहां दो युवकों की जान चली गई। मृतकों में चंदौरी निवासी प्रीतम तुरी के 24 वर्षीय पुत्र नुनमुनि कुमार और तनेश्वर उर्फ ठाकुर के 12 वर्षीय बेटे अमन कुमार शामिल हैं। वहीं लोहरदगा के भंडरा में भी वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के घुटाईडीह गांव में भी बुधवार तड़के एक किशोर की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, वह शौच के लिए खेत गया था और लौटते वक्त तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, लेकिन तभी आकाशीय बिजली गिर गई और वह इसकी चपेट में आ गया।

इधर रांची में सुबह करीब 4:30 बजे से गरज के साथ बारिश शुरू हुई, जो दोपहर तक रुक-रुक कर तीन-चार बार होती रही। कई इलाकों में ओले भी गिरे। कांके में 12.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं धनबाद और बोकारो में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। सबसे ज्यादा बारिश खूंटी में 34.5 मिमी और बेरमो में 30 मिमी रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री गिरकर 37.5 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि रांची का तापमान अब भी 38.6 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

आज भी भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

जमशेदपुर में बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है, वहीं मौसम विभाग के रांची केंद्र ने आज भी कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। 30 अप्रैल को रांची, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में तेज आंधी के साथ ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 1 से 5 मई के बीच रांची समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।