रांची: महात्मा गांधी जयंती के पूर्व संध्या के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में एक विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यालय में कार्यरत सभी पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को तंबाकू का सेवन न करने तथा इसके घातक दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक रखने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में तंबाकू से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसानों और इसके दुष्प्रभावों से बचाव का संदेश देते हुए एक तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि तंबाकू के सेवन के कारण भारत में हर साल 13 लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवा देते हैं। वहीं, झारखंड की लगभग 38.9 प्रतिशत आबादी किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन कर रही है, जो कि अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। इसी को ध्यान में रखते हुए आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मियों ने खुद इस अभियान की शुरुआत की है।
इस अवसर पर जिला नोडल पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. सीमा गुप्ता, डीआरसीएचओ डॉ. असीम माझी, डॉ. तवा रिजवी, डॉ. राजीव भूषण, परामर्शी सुशांत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।


