
रांची: राजधानी रांची में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने नकली शराब के साथ एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश सिंधिया के रूप में हुई है। यह कार्रवाई नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार इलाके में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नरेश सिंधिया जोरार इलाके में नकली शराब का कारोबार चला रहा है और वहां छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ नकली शराब बनाकर उसे दूसरे राज्यों में खपाने का गंभीर आरोप है। छापेमारी के दौरान नकली शराब से जुड़ी सामग्री भी बरामद की गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार माफिया से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

