

Instagram Blackmail : सोशल मीडिया पर एक युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मानसिक तनाव के कारण घर छोड़कर चली गई 23 वर्षीय युवती को उत्तर प्रदेश के आगरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है।





पुलिस के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वह उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान कर रहा था। इस प्रताड़ना से परेशान होकर युवती बिना किसी को बताए घर से चली गई थी।
युवती के अचानक लापता होने के बाद उसके पिता ने खरसीदाग ओपी में शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसके बाद पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर प्रियांशु डे उर्फ आदी उर्फ आदित्य, निवासी नारकेलडांगा (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और तस्वीरें वायरल करने के लिए किया गया था।
इधर, पुलिस की दूसरी टीम युवती की तलाश में जुटी थी। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसकी लोकेशन आगरा में मिली, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।
