
SIR 2026 : राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी पात्र मतदाताओं से 19 जुलाई तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षर किया गया इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 96 प्रतिशत मतदाताओं तक घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाया जा चुका है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, अब सिर्फ वही मतदाता बचे हैं जो मतदान क्षेत्र से बाहर रहने, अनुपस्थित रहने या किसी अन्य कारण से अब तक फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं या जिन्हें फॉर्म नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर BLO और BLA-2 की तीसरी और अंतिम बैठक होगी। इसी बैठक में ASDD सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ इसका प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने कहा है कि 19 जुलाई तक फॉर्म जमा होने के बाद डिजिटाइजेशन, मतदाता विवरण का सत्यापन और एक ही परिवार के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने जैसे काम पूरे किए जाएंगे।
ऑनलाइन भी भर सकते हैं इन्यूमरेशन फॉर्म
अगर किसी मतदाता को अब तक फॉर्म नहीं मिला है, तो वह अपने BLO से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन 1950 पर कॉल कर जानकारी ली जा सकती है। मतदाता ECINET ऐप या वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
ऑनलाइन फॉर्म भरने का आसान तरीका
* ECINET ऐप खोलकर Voter Registration Forms पर क्लिक करें।
* SIR 2026 Fill Enumeration Form Online विकल्प चुनें।
* मोबाइल नंबर और OTP से लॉगिन करें।
* EPIC (वोटर आईडी) नंबर और राज्य का चयन करें।
* पहले से उपलब्ध जानकारी की जांच करें और जरूरी विवरण भरें।
* फोटो अपडेट करें और आधार OTP के जरिए ई-साइन कर फॉर्म सबमिट करें।
* सबमिट होने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कन्फर्मेशन मैसेज मिल जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

