

Bike Theft Gang: रांची जिले के ओरमांझी थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य रांची, रामगढ़ और बोकारो से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके इंजन और चेसिस नंबर में हेरफेर कर फर्जी दस्तावेजों के सहारे बिहार में बेच दिया करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें, मास्टर-की समेत कई उपकरण बरामद किए हैं।





ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि 19 जून की रात सिकिदिरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक लेकर तेज गति से ओरमांझी की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर ओरमांझी थाना पुलिस ने गढ़ू मोड़ के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक वहां पहुंची। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक भागने लगे, लेकिन सिकिदिरी थाना पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी सिंदु कुमार (19) और बोकारो निवासी अनिकेत कुमार उर्फ भोला (20) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अनिकेत के बैग से मास्टर-की, प्लग रिंच, पेचकस और एक खुला नंबर प्लेट बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने रांची, रामगढ़ और बोकारो से बाइक चोरी कर बिहार के गया जिले में बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर बिहार के गया जिले से विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जबकि एक अन्य बाइक रामगढ़ क्षेत्र से बरामद की गई। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
