भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

विशेष पूजा और महाप्रसाद में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु

रांची : भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ विशेष पूजा-अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और धार्मिक वातावरण भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री जगन्नाथ तथा श्री राधा-कृष्ण के दिव्य दर्शन एवं महाप्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त किया।इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का नयनाभिराम, अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को केसरिया खीर एवं ताजे फलों का महाभोग अर्पित किया।

पूजा के उपरांत सामूहिक आरती में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया और भगवान से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के भजन गायकों ने भगवान श्री जगन्नाथ तथा राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित सुमधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति रस से सराबोर इन भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत हो गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, समरसता, सेवा और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा प्रत्येक व्यक्ति को मानवता, समानता और परस्पर सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।पूजा-अर्चना के उपरांत हजारों श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा और भक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्यगण, तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।