
Ranchi Jewellery Loot Case : रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में हुए ज्वेलरी दुकान लूटकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। हरिहर सिंह रोड स्थित प्रीति ज्वेलर्स में हुई इस वारदात के 12 घंटे के भीतर ही रांची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार, महेश कुमार और सेराज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए पारस राणा ने बताया कि इस लूटकांड का मास्टरमाइंड एक डिलीवरी बॉय है, जो पहले शहर में डिलीवरी का काम करता था। कम आमदनी के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। जेल से छूटने के बाद इन्होंने दोबारा अपराध की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है, जिसका उपयोग आरोपी पहले डिलीवरी के काम में करते थे और उसी बाइक से लूटकांड को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अपराधियों के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
