
रांची: 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में हजारों युवाओं ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए JPSC कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने रास्ते में कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर युवाओं को रोकने की कोशिश की। हालांकि बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ गए। मौके पर तैनात पुलिस बल प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश करता रहा, लेकिन भारी संख्या में मौजूद युवाओं के आगे पुलिसकर्मी उन्हें रोकने में सफल नहीं हो सके। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे युवा लगातार हेमंत सरकार और JPSC के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

