
रांची: राजधानी रांची में एक सितंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती प्रक्रिया को सफल और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और जरूरी आधारभूत व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। सेना के अधिकारी एमके शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली एक सितंबर से शुरू होगी और करीब 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया हर दिन रात 12 बजे से शुरू होगी। इसे देखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त रोशनी, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा, साफ-सफाई और बेहतर सैनिटेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर खास फोकस
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी भर्ती से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने भर्ती स्थल पर एंबुलेंस, डॉक्टरों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यह है कि दौड़ या अन्य शारीरिक गतिविधियों के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर उसे तुरंत इलाज मिल सके।
बारिश और मौसम को देखते हुए भी किए जा रहे इंतजाम
मानसून और मौसम की संभावित चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। भर्ती स्थल पर वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, जरूरी जगहों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल तैयार किए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय सीमा के अंदर तैयारियां पूरी करने को कहा। समीक्षा बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

