
रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर स्थित खोरहाटोली में बुधवार सुबह हत्या का मामला प्रकाश में आया है। यहां किराए के मकान में रह रहे रमेश ठाकुर नामक युवक की बदमाशों ने लोहे के औजार से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। शुरुआती जांच के अनुसार हमलावरों ने रमेश ठाकुर के सिर पर लोहे के प्लास से कई गंभीर वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक अपने घर पर न रहकर दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पूर्व में जमीन के कारोबार (प्रॉपर्टी डीलिंग) से जुड़ा था और हाल के दिनों में झाड़-फूंक का काम भी कर रहा था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। जमीन विवाद और झाड़-फूंक समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

