रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले टी-20 क्रिकेट मैच को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। रांची ट्रैफिक पुलिस ने मैच के दिन दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट प्लान और गाइडलाइन जारी की है।

सुजाता चौक से स्टेडियम मार्ग पर रहेगा प्रतिबंध
जारी आदेश के अनुसार, मैच के दिन सुबह 6 बजे से मैच समाप्त होने तक धुर्वा शालीमार चौक से स्टेडियम तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही सुजाता चौक, बिग बाजार कट, राजेंद्र चौक, एजी मोड़, डोरंडा / आइलैक्स कट, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज और अरगोड़ा चौक के बीच ऑटो, टोटो, छोटे-बड़े मालवाहक और यात्री वाहनों का परिचालन वर्जित किया गया है।
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद
मैच के दिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर की सीमा में भारी मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जाने की हिदायत दी गई है।
दर्शकों के लिए पार्किंग व्यवस्था
स्टेडियम में प्रवेश करने वाले दर्शकों के टिकट और गेट के आधार पर अलग-अलग पार्किंग स्थल और रूट तय किए गए हैं।
वेस्ट गेट के दर्शक: धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड होते हुए सखुआ मैदान पार्किंग में अपने वाहन खड़े कर सकते हैं। सखुआ मैदान भरने पर वाहनों को सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल स्थित पार्किंग में भेजा जाएगा।
साउथ और ईस्ट गेट के दर्शक: धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम, मिया मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पार्किंग में गाड़ियां पार्क कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल में भी वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है।
नया सराय रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक: अपने वाहन हाईकोर्ट के सामने बने हेलीपैड मैदान में पार्क कर तिरिल मोड़ व जेएससीए नॉर्थ गेट होते हुए पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
वीवीआईपी और वीआईपी पास धारक: शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान, पारस अस्पताल मार्ग से होते हुए नॉर्थ गेट के बगल स्थित वीआईपी पार्किंग में प्रवेश करेंगे।
इसके अलावा, मैच समाप्त होने के बाद रांची के आसपास (रातू, मांडर, कांके, पिठोरिया, इटकी, नामकुम आदि) जाने वाले दर्शकों के लिए रिंग रोड, तिरिल, कुटे, नवाटोली और नयासराय के रास्ते वापस लौटने के वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।


