
रांची : राजधानी रांची के लालपुर इलाके में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने धुनकी रूफटॉप बार पर छापेमारी कर उसका संचालन तुरंत बंद करा दिया। बताया जा रहा है कि बार तय समय सीमा के बाद भी खुला हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उस समय बार में तेज संगीत बज रहा था और बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। कुछ ही मिनटों में लोग तेजी से बाहर निकलने लगे, जिससे इलाके में भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ गया।
नाबालिगों की मौजूदगी की भी जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह भी जानकारी मिली है कि बार परिसर में कुछ नाबालिग मौजूद थे। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। धुनकी बार के खिलाफ पहले भी देर रात तक संचालन और तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि बार प्रबंधन कई बार नियमों और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करता रहा है।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
ध्वनि प्रदूषण को लेकर हाल के दिनों में झारखंड हाईकोर्ट भी सख्त रुख अपना चुका है। अदालत ने साफ निर्देश दिए थे कि रात के समय तेज ध्वनि वाले उपकरणों का उपयोग नियमों के अनुसार ही हो। साथ ही अदालत का यह भी निर्देश है कि उल्लंघन पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। ऐसे में लालपुर में हुई यह घटना एक बार फिर शहर में नियमों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

