आर्किड अस्पताल की लापरवाही से मरीज की मौत पर हंगामा, 2 घंटे में इतने इंजेक्शन का बिल थमाया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी के लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में मनमानी के साथ बिलिंग में धांधली के गंभीर आरोप लगाए।परिजनों का दावा है कि मरीज ने देर रात करीब दो बजे ही दम तोड़ दिया था, इसके बावजूद अस्पताल का फार्मेसी और बिलिंग काउंटर सुबह साढ़े पांच बजे तक दवाइयों की पर्चियां काटता रहा। हद तो तब हो गई जब मेडिकल बिल में महज दो घंटे के भीतर मरीज को दो सौ इंजेक्शन दिए जाने की बात सामने आई, जिसे देखकर परिजन दंग रह गए।

घटना के बाद जब पीड़ित परिवार शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा, तो आरोप है कि थाना प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया और शव लेकर जाने की सलाह दी। पुलिस के इस रवैये से नाराज होकर परिजन सीधे विधायक इरफान अंसारी के आवास पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। इस पूरे तनाव और हंगामे के बीच सदमे की वजह से परिवार की एक महिला सदस्य बेहोश भी हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन ने आनन-फानन में तीन डॉक्टरों की एक जांच टीम गठित कर अस्पताल भेजी। डॉक्टरों की टीम ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसके बाद ही अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही और इस फर्जीवाड़े का पूरा सच सामने आ सकेगा।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।