Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मांडर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर यह अवैध कारोबार चल रहा था। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब बनाई जा रही है और अलग-अलग जगहों पर सप्लाई की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की। वहां का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मकान के हॉल में पांच लोग कथित तौर पर नकली शराब बनाने में जुटे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रत्युष शाहदेव, कुंदन कुमार, संजय सिंह, राकेश कुमार और विष्णु कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले एक महीने से इस धंधे में शामिल थे। तैयार नकली शराब की सप्लाई बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग जिलों में मांग के अनुसार की जा रही थी।
छापेमारी में पुलिस ने करीब 200 लीटर तैयार शराब और 2000 खाली बोतलें बरामद की हैं। इसके अलावा शराब के ढक्कन, ब्रांड के लेबल, क्यूआर कोड, केमिकल, बोतल सील करने की मशीन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने शराब की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाले एक पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल और महिंद्रा एसयूवी को भी जब्त किया है।
इस मामले में मांडर थाना में कांड संख्या 115/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।


