रांची नगर आयुक्त ने बिरसा मुण्डा स्मृति संग्रहालय का किया निरीक्षण

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने शुक्रवार को जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुण्डा स्मृति संग्रहालय सह उद्यान की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। 15 नवम्बर को झारखण्ड स्थापना दिवस के अवसर पर इस उद्यान का उद्घाटन किया जाएगा।

यह उद्यान लगभग 30 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें पांच एकड़ में संग्रहालय है एवं 25 एकड़ में पार्क है।

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त के द्वारा पार्क की समुचित साफ-सफाई एवं रख-रखाव से संबंधित कार्य करने के लिए जुडको के संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया गया। साथ ही उद्यान में जो भी काम लंबित है, उसे यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

यह स्मृति स्थल कई मायनों में अनूठा है। यहां भगवान बिरसा मुंडा की 25 फीट ऊंचाई की प्रतिमा स्थापित की गयी है।

रांची शहर के बिल्कुल बीचो बीच स्थित इस परिसर में पहले सेंट्रल जेल हुआ करती थी, जिसे लगभग एक दशक पहले होटवार नामक स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया।

अब यह पुरानी और ऐतिहासिक जेल परिसर ऐसे संग्रहालय के रूप में विकसित होकर तैयार है, जहां बिरसा मुंडा के साथ-साथ 13 जनजातीय नायकों की वीरता की गाथाएं प्रदर्शित की जायेंगी।

बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष की गाथा यहां लेजर लाइटिंग शो के जरिए लोगों प्रदर्शित की जायेंगी। जेल के जिस कमरे में बिरसा मुंडा ने अंतिम सांस ली थी, वहां भी उनकी एक प्रतिमा लगायी गयी है। पास के स्थल को इस तरह विकसित किया गया है कि वहां बिरसा की जन्मस्थली उलिहातू की झलक दिखे।

इस मौके पर उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी, जुडको के पदाधिकारी, नगर प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article