


रांची: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को विशेष अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। इस दौरान लाइन टैंक मार्ग, जेल चौक, करमटोली चौक तथा किशोरगंज चौक से गाड़ीखाना चौक जैसे व्यस्त इलाकों में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।





कार्रवाई के दौरान लाइन टैंक रोड से करमटोली चौक तक टीम ने करीब 8 अस्थायी निर्माणों को हटाया, जबकि 2 गुमटियों और 3 ठेलों को जब्त किया गया। साथ ही करमटोली मार्ग पर स्थित 3 भवनों के फ्रंट सेटबैक और पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स व विज्ञापनों को काटकर जब्त कर लिया गया। वहीं किशोरगंज-गाड़ीखाना मार्ग पर नालियों के ऊपर बनी अवैध बाउंडी वॉल को ध्वस्त किया गया।
इस दौरान 2 भवनों के सेटबैक क्षेत्र में बने निर्माणों को हटाया गया और गिफ्ट डीड की जमीन पर हुए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर मार्ग को सुव्यवस्थित किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में पार्किंग स्थल, सेटबैक एरिया या गिफ्ट डीड की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ने नागरिकों से भवन निर्माण उपविधियों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
