रांची : रांची नगर निगम ने अपने कर्मियों के कल्याण और उनके परिजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक सराहनीय पहल की है। नगर आयुक्त के प्रयासों के फलस्वरूप, निगम की इंफोर्समेंट टीम में कार्यरत रहे स्व. रंजीत टोप्पो के परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। पंजाब नेशनल बैंक द्वारा स्वर्गीय रंजीत टोप्पो की पत्नी नमिता टोप्पो को 10,00,000 रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

यह आर्थिक सहायता पंजाब नेशनल बैंक की वेतन बचत योजना के अंतर्गत उपलब्ध ‘ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर’ के तहत दी गई है। स्वर्गीय रंजीत टोप्पो का वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक में संचालित था, जिसके कारण उनके परिवार को बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम भुगतान के इस बीमा योजना का लाभ प्राप्त हुआ। यह राशि दिवंगत कर्मी के आश्रित परिवार को कठिन समय में बड़ा आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
15 अक्टूबर को उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार और कार्यालय अधीक्षक मनोज राय ने संयुक्त रूप से नमिता टोप्पो को बीमा राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, निगम के लेखा पदाधिकारी अमित टोप्पो, पंजाब नेशनल बैंक के सीएसी प्रमुख सत्येंद्र कुमार, सीएसी मुख्य प्रबंधक अनुकूल सिंह तथा शाखा प्रमुख जसवंत लाल सहित निगम और बैंक के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


