
रांची : चार माह से मानदेय का इंतजार कर रहे रांची नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों के लिए राहत की खबर है। नगर विकास विभाग ने पुराने मानदेय की दर पर भुगतान की मंजूरी दे दी है।इसके तहत एक सप्ताह के भीतर मार्च से जुलाई तक का चार माह का बकाया मानदेय एकमुश्त उनके खातों में भेज दिया जाएगा। पुराने मानदेय के अनुसार, मेयर को प्रति माह 10 हजार रुपये, डिप्टी मेयर को नौ हजार रुपये और पार्षदों को सात हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव फिलहाल अलग से विभागीय स्तर पर विचाराधीन रहेगा।
रांची नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और 53 वार्डों के पार्षदों ने 19 मार्च 2026 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। इसके बाद से सभी जनप्रतिनिधि नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वार्डों में विकास कार्यों की निगरानी, लोगों की समस्याओं का समाधान, योजनाओं का निरीक्षण और निगम की बोर्ड बैठकों में भागीदारी जैसी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हुआ था।
दरअसल, पिछला बोर्ड भंग होने के साथ ही पूर्व जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त हो गया था। नई परिषद के गठन के बाद मानदेय की नई दर तय करने के लिए नगर निगम की ओर से प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेजा गया था।

