
बोकारो: बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कतवारी गांव के प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव एक माह बाद बुधवार को सऊदी अरब से उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जबकि परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। सत्येंद्र महतो 26 नवंबर 2024 को रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे, जहां वे एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। बीते 25 जून को सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद लगभग एक महीने बाद उनका शव बुधवार को उनके पैतृक गांव कतवारी लाया गया।
शव के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने नम आंखों से सत्येंद्र महतो को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने सरकार एवं संबंधित विभागों से प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और विदेश में दुर्घटना की स्थिति में शव को शीघ्र स्वदेश लाने की प्रक्रिया को और अधिक सरल और त्वरित बनाने की मांग की।

