रांची नगर निगम ने दिया 180 भवनों को तोड़ने का आदेश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम की ओर से इन दिनों अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर के विभिन्न डैम, नदियों के किनारों से हटाया जा रहा है।

अतिक्रमण हटाओ अभियान रांची नगर निगम की टीम और जिला प्रशासन के अधिकारियों के नेतृत्व में किया जा रहा है।

रांची नगर निगम ने राजधानी के हिनू नदी के समीप बड़ा तालाब और कांके डैम के पास निर्मित अवैध भवनों के विरुद्ध दर्ज अनाधिकृत निर्माण वाद की अंतिम सुनवाई 22 जुलाई को की गई थी।

नगर आयुक्त के न्यायालय में की गई अंतिम सुनवाई में हिनू नदी के समीप निर्मित 72 भवनों का बिल्डिंग प्लान न्यायालय के समक्ष पेश नहीं किया गया।

बड़ा तालाब के समीप 34 मकानों के मालिकों ने भी बिल्डिंग प्लान नगर निगम को अभी तक नहीं दिया है।

इसके अलावा कांके डैम के समीप निर्मित 74 भवनों का स्वीकृत बिल्डिंग प्लान नगर निगम द्वारा मांगे जाने पर प्रस्तुत नहीं किया गया है।

नगर निगम की ओर से इन सभी भवनों को तोड़ने का आदेश पारित कर दिया गया है।

झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत इन सभी भवनों को तोड़ने के लिए आदेश की तिथि से 15 दिनों का समय दिया गया है।

इसके बाद अभियान चलाकर सभी भवनों को तोड़ा जाएगा। हिनू नदी, बड़ा तालाब और कांके डैम के किनारे बने लगभग 180 भवनों को तोड़ने का आदेश दिया गया है।

Share This Article