रांची: अक्षय सोना समाधान फाउंडेशन की ओर से समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को नामकुम के ग्राम महुआ टोली में मजदूरों के बीच बारिश से बचाव के लिए छाते का वितरण किया गया। संस्था की ओर से जरूरतमंद मजदूरों को छाते उपलब्ध कराए गए, ताकि भारी बारिश के दौरान उन्हें काम पर आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। छाता मिलने के बाद मजदूरों ने कहा कि वे अलग-अलग स्थानों पर मजदूरी का काम करते हैं। बारिश के मौसम में कार्यस्थल तक पहुंचने और वापस घर लौटने में काफी परेशानी होती थी। छाता मिलने से अब उन्हें बारिश से बचाव में काफी सुविधा होगी और वे अपने काम पर आसानी से आ-जा सकेंगे।
इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक डॉ. सुनीता कुमारी यादव ने कहा कि संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य करती रही है। संस्था का प्रयास है कि अपनी क्षमता के अनुसार समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम के दौरान छाता प्राप्त करने वाले लोगों में खुशी देखी गई। मौके पर शंकर यादव, डॉ. श्रीमाली सुमी, शोमिल सेतु, रिमझिम, अनिल केसरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

