झारखंड में 15 जून तक हुई 107.8 मिलीमीटर बारिश

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मंगलवार को बारिश हुई। राज्य में 19 जून तक लगातार बारिश होगी, जबकि 20 जून के बाद मानसून कमजोर पड़ सकता है। इसकी सक्रियता में कमी आ सकती है।

इससे बारिश कुछ समय के लिए थम सकती है लेकिन 20 से पहले पूरे राज्य में मानसून का जोर रहेगा और पानी बरसने का सिलसिला जारी रहेगा। कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच दिनों के दौरान मानसून जबरदस्त रूप से सक्रिय रहा।

झारखंड प्रवेश से ठीक पहले बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से पर बना निम्न दबाव क्षेत्र इसके आगे बढ़ने में काफी सहायक रहा।

इससे अनुकूल स्थिति होने के कारण छोटी अवधि में यह मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों पर कायम हो गया।

यह निम्न दबाव क्षेत्र अभी झारखंड के पश्चिमोत्तर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर केंद्रित है। अगले तीन से चार दिनों में इसके कमजोर होने से मानसून की सक्रियता में कमी आएगी।

राज्य में 15 जून तक हुई 107.8 मिलीमीटर बारिश

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान पलामू और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश पलामू के हरिहरगंज में 78.3 मिलीमीटर दर्ज की गई।

इसके अलावा गढ़वा में 72.6 मिलीमीटर बारिश हुई। धनबाद, तिलैया, तोरपा, दुमका, जामताड़ा, सिमडेगा, रामगढ़ में भी अच्छी बारिश हुई।

राज्य में 15 जून तक 107.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश से 66 प्रतिशत अधिक है। इस समय तक राज्य में 65.1 मिलीमीटर बारिश होती है।

समय पर मानसून आने से कुछ जिलों में खरीफ फसलों की खेती भी शुरू हो चुकी है। इसमें खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिले शामिल हैं। इन जिलों में खेतों में पानी जमा होते ही सीधी बुआई शुरू हो जाती है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि राज्य में 18-19 तक लगातार बारिश होगी।

बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है। इस दौरान हल्के दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

Share This Article