मेयर आशा लकड़ा ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र, जल्द से जल्द ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का दिया निर्देश

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा ने नगर आयुक्त मुकेश कुमार को पत्र लिखकर जल्द से जल्द ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का निर्देश दिया है।

मेयर ने रविवार को कहा कि हाल ही में पलामू उपायुक्त ने टेंडर प्रक्रिया पूरा कर ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का आदेश दिया है।

पलामू उपायुक्त के माध्यम से सम्पन्न किए गए टेंडर के रेट को आधार मानते हुए मेदिनीनगर नगर निगम ने भी ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का निर्णय किया है।

पलामू उपायुक्त के माध्यम से सम्पन्न किए गए टेंडर के तहत प्रति ऑक्सीजन सिलेंडर (टाइप बी 10 लीटर कैपिसिटी विथ वाल्व ) 8,800 रुपये का दर निर्धारित किया गया है।

लिहाजा पलामू उपयुक्त के माध्यम से निर्धारित दर को आधार मानते हुए चयनित एजेंसी से एक हज़ार ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी के लिए नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया है।

मेयर ने यह भी कहा कि स्थाई समिति की बैठक में कोरोना महामारी से संक्रमित मरीजों की जीवन रक्षा के लिए नागरिक सुविधा मद से एक हज़ार ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का निर्णय किया गया था।

वर्तमान में कोरोना संक्रमित मरीज ऑक्सीजन के अभाव में प्रतिदिन दम तोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल व रिम्स में भी कोरोना संक्रमित मरीजों को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

इसे ध्यान में रखते हुए स्थाई समिति की बैठक में आमलोगों की जीवनरक्षा के लिए एक हज़ार ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी करने का निर्णय किया गया है।

मेयर ने कहा कि नगर आयुक्त को पलामू उपायुक्त की ओर से ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए किए गए टेंडर से संबंधित दस्तावेज व मेदिनीनगर नगर निगम द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी के लिए दिए गए आदेश पत्र की प्रति उपलब्ध करा दी गई है।

मेयर ने नगर आयुक्त को लिखे गए पत्र में यह भी कहा है कि एक हजार ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी के लिए नागरिक सुविधा मद से भुगतान किया जाना है।

झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 की धारा-101 के प्रथम परन्तुक (ग) से (घ) एवं धारा-102 के तहत ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी के लिए भुगतान किए जाने का निर्देश दिया हैं।

Share This Article