मेला देखकर लौट रही किशोरी का जंगल में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की रात की है। किशोरी मेला घूमकर घर लौट रही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान छापरगढ़ा स्थित जंगल में रात करीब 9:35 बजे उसका शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में किशोरी की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।

फोन कर बुलाने का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी भागवत महतो उर्फ भगवान दास पर संदेह हुआ। आरोप है कि उसने किशोरी को फोन करके बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंककर वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कथित बयान और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
एसआईटी ने दो दिनों में आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद सिल्ली इलाके में लोगों में आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में किशोरी को फोन कर बुलाने और उसकी हत्या करने की बात बताई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


