
रांची: पशु तस्करी से जुड़ा एक मामला इरबा मदरसा मोहल्ला से उजागर हुआ है। वाहनों पर भगवान के नाम का उल्लेख कर पशु तस्करी की जा रही थी। ओरमांझी थाना पुलिस ने इरबा मदरसा मोहल्ला में छापेमारी कर 41 पशुओं और चार वाहनों को जब्त किया।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए चार पिकअप वाहनों पर “जय भोले शंकर”, “जय माता दी”, “जय बजरंगबली” और “जय बाबा ब्रमेश्वरनाथ” जैसे धार्मिक नाम लिखे हुए थे। बताया जा रहा है कि तस्कर अक्सर पुलिस से बचने के लिए अपने वाहनों पर भगवान का नाम लिख देते हैं, ताकि संदेह कम हो सके। इसके बावजूद ओरमांझी थाना पुलिस तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
बताया गया कि सभी पशुओं को हुटुप गौशाला में सुरक्षित रखा गया है, जबकि वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। तस्करों ने सभी पशुओं को पिकअप वाहनों में लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाने की योजना बनाई थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी, एसआई जयप्रकाश पासवान, हवलदार सतीश कुमार, उज्जवल कुमार और आरक्षी रघुवंश यादव सहित पुलिस दल रात लगभग 12:30 बजे मदरसा मोहल्ला स्थित नौशाद अंसारी के घर के पास पहुंचा।
वहां चार पिकअप वाहनों में पशुओं को लोड किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही सभी तस्कर और मजदूर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पिछले 20 दिनों में यह तस्करों के खिलाफ पुलिस की तीसरी कार्रवाई है, जिससे पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इरबा निवासी नौशाद अंसारी, खेताब अंसारी, गुड्डू अंसारी समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
