चतरा और हजारीबाग में अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: चतरा तथा हजारीबाग जिला के सीमावर्ती क्षेत्र के वन भूमि पर अफीम तथा गांजा की खेती के विरुद्ध दोनों जिला की पुलिस ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान में करीब दस एकड़ वन भूमि में लगाए गए अफीम और गांजा की खेती को नष्ट कर दिया गया। इस इलाके में करीब 25 एकड़ भूभाग में अफीम और गांजा की खेती अभी भी लगी हुई है, जिसे दोनों जिले की पुलिस आने वाले दिनों में नष्ट करेंगी।

दोनों जिलों की पुलिस टीम का नेतृत्व बरही के एसडीपीओ नजीर अख्तर कर रहे थे। उनके साथ इटखोरी के पुलिस निरीक्षक शिव प्रकाश कुमार, थाना प्रभारी निरंजन मिश्रा तथा चौपारण के थाना प्रभारी सपन कुमार महतो सशस्त्र पुलिस बल के साथ थे।

बुधवार को दोनों जिला की पुलिस इटखोरी के रास्ते से चौपारण थाना क्षेत्र के करगा जंगल में पहुंची।

पुलिस की टीम अपने साथ दो ट्रैक्टर लेकर भी गई हुई थी। चिन्हित स्थल पर पहुंचकर पुलिस की टीम ने ट्रैक्टर के माध्यम से अफीम व गांजा की खेती को हल चलवा कर नष्ट कराया।

सबूत के तौर पर पुलिस तथा वन विभाग की टीम अफीम व गांजा के कुछ पौधे अपने साथ ले आई है। इटखोरी के थाना प्रभारी ने बताया कि चिन्हित स्थल पर अभी भी करीब 25 एकड़ क्षेत्र में अफीम और गांजा के पौधे लगे हुए हैं, जिसे भी नष्ट किया जाएगा।

Share This Article