
रांची: राजधानी रांची में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अब जिले के सभी थानों में प्रत्येक बुधवार जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 8 जुलाई को हुई, जहां पुलिस अधिकारियों ने सीधे लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी राकेश रंजन लालपुर थाना पहुंचे और फरियादियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट समेत कई शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान एक पारिवारिक विवाद का मौके पर ही समाधान कराया गया। एक बुजुर्ग ने अपनी बहू पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों की बात सुनने पर पता चला कि बुजुर्ग का बेटा बेरोजगार है, जबकि बहू अपने छोटे बेटे की पढ़ाई और घर के खर्च को लेकर परेशान है। इस पर एसएसपी ने बुजुर्ग से पोते की शिक्षा के लिए हर महीने दो हजार रुपये सहयोग करने का आग्रह किया। बुजुर्ग के सहमत होने के बाद दोनों पक्ष आपसी समझौते से संतुष्ट होकर लौट गए।
रांची पुलिस की इस पहल को लोगों ने सकारात्मक बताया। बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर थानों में पहुंचे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया गया। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना, थानों में लोगों को सहज माहौल उपलब्ध कराना और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अब हर बुधवार नियमित रूप से जिले के सभी थानों में आयोजित किया जाएगा।

