गर्मी से बेहाल रांची, ऊपर से बिजली संकट ने बढ़ाई मुसीबत! रातभर जागने को मजबूर लोग

रांची में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से पानी, कारोबार और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके साथ ही लगातार हो रही बिजली कटौती की दोहरी मार झेल रही है। एक तरफ बढ़ता तापमान लोगों का हाल बेहाल कर रहा है, तो दूसरी ओर घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर के लोग दिन और रात दोनों समय बिजली संकट से परेशान हैं। हालांकि हर बार बिजली विभाग मेंटेनेंस का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचता नजर आता है।

हालात ऐसे हैं कि रांची के कई इलाकों में रोजाना घंटों बिजली काटी जा रही है। सिर्फ ग्रामीण या बाहरी इलाके ही नहीं, बल्कि राजधानी के पॉश इलाकों में भी बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। मोरहाबादी, अशोक नगर, हरमू, लालपुर, बरियातू और कांके रोड जैसे इलाकों में लोग लगातार बिजली कटौती से परेशान हैं। रात में बिजली गायब होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है।

लोगों का कहना है कि बिजली विभाग हर बार “मेंटेनेंस” का बहाना बनाता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर अंडरग्राउंड वायरिंग कराई गई थी, ताकि आंधी-पानी और तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो। लेकिन अब हालत यह है कि हल्की हवा चलने पर भी बिजली काट दी जाती है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानों और छोटे कारोबारों में बिजली नहीं रहने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। घरों में पानी की समस्या भी गहराने लगी है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से मोटर और पंप नहीं चल पा रहे हैं। इन्वर्टर भी जवाब देने लगे हैं, लोग गर्मी में रातभर जागने को मजबूर हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।